Monday, June 1, 2026

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने नाराजगी से किया इंकार, कहा- हर तरह से संतुष्ट हैं

तिरहुत डेस्क (नई दिल्ली)। बिहार में चुनाव को लेकर एनडीए के बीच सीट बंटवारा हो चुका है। सीट बंटवारे के बाद एनडीए के घटक दलों को मन मुताबिक सीटें न मिलने पर वे अपनी प्रतिक्रिया भी खुलकर दे रहे हैं। हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने खुलकर कहा कि उन्होंने 15 सीटों की मांग की थी। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि वे छह सीट से भी संतुष्ट हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हैं।

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने सोमवार को बातचीत में कहा कि लोकसभा चुनाव में भी हमारी पार्टी को दो लोकसभा सीट और एक राज्यसभा सीट देने की बात कही गई थी, लेकिन मिली एक थी। आज भी हम एनडीए के साथ हैं। हमें पंजीकृत पार्टी के रूप में मान्यता के लिए कम से कम आठ सीटों की मांग की थी। इसलिए, हमने कम से कम 15 सीटें मांगी थी, लेकिन सिर्फ छह सीटें मिली हैं। हम छह सीट से भी संतुष्ट हैं। हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हैं।

उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने हमें काफी इज्जत दी है। वे हर तरह से गयाजी के विकास के लिए काम कर रहे हैं। गयाजी, बिहार और देश के विकास के लिए हम कोई भी कुर्बानी सहने को तैयार हैं।

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि हम लोग भुइयां और मुसहर जाति के हैं। अभाव में जीने वाले लोग हैं और संतुष्ट रहते हैं। जो मिलता है, उसी में संतुष्ट हैं। ‎ ‎

उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी पीएम नरेंद्र मोदी के साथ है और जो भी निर्णय हुआ है, उससे संतुष्ट है। ‎

उल्लेखनीय है कि बिहार विधानसभा चुनाव के लिए एनडीए ने रविवार को सीटों के बंटवारे की घोषणा की। इस बंटवारे के तहत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जदयू) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 101-101 सीट पर चुनाव लड़ेगी, जबकि केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की पार्टी लोजपा (रामविलास) को 29 सीट मिली हैं। पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) और राज्यसभा सदस्य उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा को छह-छह सीटें मिली हैं।

बिहार विधानसभा चुनाव का पहला चरण 6 नवंबर को और दूसरा चरण 11 नवंबर को होगा। मतगणना 14 नवंबर को होगी।

यह भी पढ़े: बिहार विधानसभा चुनाव: जन सुराज ने दूसरी लिस्ट की जारी, 65 उम्मीदवारों के नाम शामिल

Related Articles

Stay Connected

7,268FansLike
10FollowersFollow

Latest Articles