Monday, April 20, 2026

असम के मुख्यमंत्री ने कामाख्या मंदिर में की पूजा, पीयूष हजारिका बोले-असम के विकास से कोई समझौता नहीं

तिरहुत डेस्क (नई दिल्ली)। असम में 126 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान जारी है और चुनावी माहौल काफी रोमांचक है। यह मुकाबला मुख्य रूप से भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए और कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन के बीच है। असम के मुख्यमंत्री और जालुकबारी से भाजपा उम्मीदवार हिमंत बिस्वा सरमा ने गुरुवार को मतदान से पहले गुवाहाटी में प्रतिष्ठित मां कामाख्या मंदिर में पत्नी रिनिकी भुयान शर्मा के साथ पूजा-अर्चना की। वहीं, विभिन्न दलों के उम्मीदवारों ने अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदान किया और प्रतिक्रियाएं दी।

आहटगुरी में मतदान करने पहुंचे मंत्री पीयूष हजारिका ने कहा, “मैं जनता से एक बार फिर अनुरोध करना चाहता हूं कि हमने असम के विकास से कोई समझौता नहीं किया है। हमारे मन और हृदय में केवल एक ही बात है और वह है असम को आगे ले जाना।”

पीयूष हजारिका की पत्नी ऐमी बरुआ ने कहा, “यह देखकर अच्छा लग रहा है कि लोग सुबह से ही सभी जगहों पर मतदान करने पहुंच रहे हैं। इस चुनाव प्रचार के दौरान मैंने देखा कि लोग बहुत खुश हैं। लोग विकास के पक्ष में हैं। असम में बहुत सी महिलाएं मतदान करते हुए दिख रही हैं।”

वहीं, एनडीए गठबंधन के उम्मीदवार अतुल बोरा ने बोकाखाट में पारंपरिक पोशाक में अपना वोट डाला जबकि निर्दलीय पूर्व विधायक जितेन गोगोई ने भी मतदान किया।

उदहारबोंड विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार राजदीप गोआला ने कहा, “मैं इस वर्ष के चुनाव में भाग लेने वाले सभी मतदाताओं को अपनी शुभकामनाएं देना चाहता हूं। मैं सभी से विनम्रतापूर्वक अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का उपयोग करने का अनुरोध करता हूं। मुझे उम्मीद है कि इस वर्ष असम विकास के पथ पर आगे बढ़ेगा। जनता, नागरिक, मतदाता, सभी इस विकास आंदोलन के लिए भारतीय जनता पार्टी के साथ खड़े रहेंगे।”

नागांव में अपना वोट डालने के बाद कांग्रेस सांसद मोहम्मद रकीबुल हुसैन ने कहा, “मैं यहां अपना वोट डालने और अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का प्रयोग करने आया हूं। मैं लोकतांत्रिक प्रक्रिया के खिलाफ कुछ भी नहीं कहूंगा, इसलिए मैंने अपने पूरे परिवार के साथ वोट डाला है।”

लखीमपुर से एजीपी उम्मीदवार बसंत दास ने मतदान के बाद कहा, “मैं असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने अच्छा काम किया है, विकास के लिए काम किया है। इसलिए हमारी सरकार दोबारा बनेगी।”

बोकाखाट विधानसभा क्षेत्र से एनडीए उम्मीदवार अतुल बोरा ने कहा, “आज का दिन यादगार है। हम इस दिन के लिए लंबे समय से मेहनत कर रहे थे। मेरा मतदान केंद्र मेरे घर के सामने है। यहां बहुत सारी महिलाएं और युवा मतदान करने पहुंचे हैं, इन सबको देखकर अच्छा लग रहा है। यह संवैधानिक अधिकार है, लोकतांत्रिक अधिकार है।”

धुबरी विधानसभा क्षेत्र से एनडीए उम्मीदवार उत्तम प्रसाद ने कहा, “अपने घरों से बाहर निकलें और अपना वोट डालें। चुनाव प्रचार के दौरान हमें जनता का भरपूर समर्थन मिला है। हम जनता के समर्थन के लिए धन्यवाद देते हैं। अगर सब कुछ ठीक रहा, तो यहां भाजपा जीत रही है।”

वहीं, बीटीसी प्रमुख हाग्रामा मोहिलारी ने कहा, “मैंने मतदान किया है। पूरे चुनाव में बीटीसी क्षेत्र में एनडीए की 15 सीटें बहुत अच्छी हैं।”

हैलाकांडी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार डॉ. मिलन दास ने कहा, “मैंने अपने केंद्र में मतदान कर दिया है और मैं अन्य केंद्रों पर भी जा रहा हूं। सभी केंद्रों पर सभी मतदाता अनुशासित तरीके से मतदान कर रहे हैं। मुझे लगता है कि मतदान की गति थोड़ी और तेज होनी चाहिए।”

यह भी पढ़े: अजित पवार के बेटे पार्थ पवार बने राज्यसभा सांसद, उपराष्ट्रपति ने दिलाई शपथ

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

7,268FansLike
10FollowersFollow

Latest Articles