Monday, June 1, 2026

बिहार में दो-तिहाई बहुमत से बनेगी महागठबंधन की सरकार: मोहम्मद जावेद

तिरहुत डेस्क (नई दिल्ली)। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले महागठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर चल रही चर्चाओं पर कांग्रेस सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद ने कहा कि सभी दल अधिक से अधिक सीटें चाहते हैं, लेकिन गठबंधन में समझौता भी जरूरी है। उन्होंने भरोसा जताया कि सीट बंटवारे का फैसला शांतिपूर्ण तरीके से होगा और यह बिहार के हित में होगा।

बातचीत में उन्होंने कहा कि मुझे सीटों की संख्या के बारे में पूरी जानकारी नहीं है, लेकिन महागठबंधन में सभी सहयोगी दल चाहते हैं कि उन्हें अच्छी और अधिक सीटें मिलें। जहां तक मुझे पता है, सभी फैसले शांतिपूर्ण और सम्मानजनक तरीके से लिए जा रहे हैं। कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक के बारे में उन्होंने बताया कि सीईसी की बैठक में 25-30 सीटों पर चर्चा हुई, और लगभग 25 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम तय किए गए हैं। जल्द ही सीटों की घोषणा की जाएगी।

उन्होंने कहा कि जब तक आधिकारिक घोषणा नहीं होती, तब तक इस पर टिप्पणी करना उचित नहीं है।

तेजस्वी यादव और मुकेश सहनी के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री पद को लेकर दिए गए बयानों पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री का फैसला गठबंधन का शीर्ष नेतृत्व करेगा। जो भी फैसला होगा, वह बिहार के लिए अच्छा होगा। मुझे विश्वास है कि महागठबंधन बिहार में दो-तिहाई बहुमत के साथ सरकार बनाएगा।

नीतीश कुमार की सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जब बिहार में हमारा शासन था तब बिहार देश के अग्रणी राज्यों में गिना जाता था। उस समय स्कूल, कॉलेज और अस्पतालों की संख्या अन्य राज्यों की तुलना में अधिक थी। लेकिन नीतीश कुमार के 20 साल के शासन में भ्रष्टाचार आसमान छू रहा है, शिक्षा का स्तर गिर गया है, और अस्पतालों में डॉक्टरों व स्कूलों में शिक्षकों की कमी है। बिहार की जनता नीतीश-मोदी सरकार से त्रस्त है। युवाओं के लिए रोजगार के अवसर नहीं हैं, और यह उनके अभिभावकों के लिए बड़ा मुद्दा है।

महागठबंधन में ‘बड़े भाई’ की भूमिका पर उन्होंने स्पष्ट किया कि गठबंधन में कोई बड़ा या छोटा भाई नहीं है। सभी सहयोगी दलों का सम्मान बराबर है। हम एक-दूसरे की ताकत और सम्मान को ध्यान में रखकर फैसले ले रहे हैं।

एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बिहार चुनाव में एंट्री पर उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में ओवैसी के कारण जो नुकसान होना था, वह हो चुका है। बिहार की जनता अब समझ चुकी है कि सरकार या तो एनडीए बनाएगी, जिसके आसार कम हैं, या महागठबंधन ही बिहार में अगली सरकार बनाएगी।

यह भी पढ़े: कांग्रेस ने सीईसी में बिहार चुनाव की पारंपरिक सीटों पर लगाई मुहर: शकील अहमद खान

Related Articles

Stay Connected

7,268FansLike
10FollowersFollow

Latest Articles