Sunday, November 22, 2026

नीतीश सेतु के उद्घाटन कार्यक्रम से क्यों दूर रहे जदयू प्रमुख, प्रशांत किशोर ने भाजपा से मांगा जवाब

तिरहुत न्यूज़ डेस्क (बिहार)। जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने ‘नीतीश सेतु’ के उद्घाटन समारोह में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की गैर मौजूदगी पर सवाल उठाए हैं। इस पुल का उद्घाटन शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था।

प्रशांत किशोर ने कहा कि इस अहम कार्यक्रम में नीतीश कुमार का न होना, उनकी सेहत और सत्ताधारी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में उनकी घटती सक्रियता को लेकर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि अगर पूर्व मुख्यमंत्री की तबीयत ठीक होती, तो वे निश्चित रूप से अपने नाम पर रखे गए इस पुल के उद्घाटन में जरूर शामिल होते।

प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को वैशाली जिले में गंगा नदी पर बने छह लेन वाले ‘नीतीश सेतु’ का उद्घाटन किया। बिहार पहुंचने पर हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री का स्वागत 10 बार बिहार के मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और एनडीए के कई अन्य नेताओं ने किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने आधिकारिक ‘एक्‍स’ हैंडल पर कुछ तस्वीरें भी साझा कीं, जिनमें वे हवाई अड्डे पर नीतीश कुमार से गर्मजोशी से मिलते और बातचीत करते नजर आ रहे हैं।

प्रशांत किशोर ने आईएएनएस से ​​बातचीत में सवाल उठाया कि जब पुल का नाम ही नीतीश कुमार के नाम पर रखा गया है, तो वे उद्घाटन समारोह में क्यों मौजूद नहीं थे?

उन्होंने भाजपा और जेडीयू के नेतृत्व से यह स्पष्ट करने को भी कहा कि कार्यक्रम के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री मंच पर क्यों मौजूद नहीं थे।

प्रशांत किशोर ने कहा, “साफ तौर पर देखा जा सकता है कि नीतीश कुमार कहीं नजर नहीं आ रहे हैं। वे और उनकी पार्टी कहीं भी दिखाई नहीं दे रहे हैं और न ही उनकी कोई भागीदारी दिख रही है। जिस मंच पर पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ रखा गया, वहां खुद नीतीश कुमार ही मौजूद नहीं थे।”

जन सुराज के संस्थापक ने कहा, “पूरा बिहार जानता है कि अगर नीतीश कुमार स्वस्थ होते तो वे उस मंच पर जरूर होते। आखिरकार यह पुल बने, यह नीतीश कुमार का ही विजन था। कल नीतीश पटना में ही थे, इसलिए भाजपा और जेडीयू को बताना चाहिए कि उन्हें मंच पर क्यों नहीं बुलाया गया और वे वहां क्यों नहीं थे? इसका जवाब सिर्फ भाजपा के नेता ही दे सकते हैं।”

ये टिप्पणियां एनडीए के भीतर नीतीश कुमार की भूमिका और उनकी मौजूदगी को लेकर चल रही राजनीतिक चर्चाओं के बीच आई हैं। यह चर्चा तब और तेज हो गई, जब उनके नाम पर बनी एक बड़ी बुनियादी ढांचा परियोजना (इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट) का उद्घाटन किया गया।

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री के नाम पर रखे गए ‘नीतीश सेतु’ का निर्माण लगभग 4,280 करोड़ रुपए की लागत से किया गया है। 19.7 किलोमीटर लंबी इस परियोजना में गंगा नदी पर बना 9.7 किलोमीटर का मुख्य पुल और लगभग 10 किलोमीटर लंबी एप्रोच सड़कें शामिल हैं।

यह पुल पटना जिले के कच्ची दरगाह को वैशाली जिले के बिदूपुर से जोड़ता है। उम्मीद है कि इस पुल से पटना और उत्तर बिहार के बीच संपर्क बेहतर होगा, महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा, और राघोपुर दियारा के निवासियों के लिए पटना तक सड़क मार्ग से पहुंचना आसान हो जाएगा।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

7,268FansLike
10FollowersFollow

Latest Articles