Friday, November 20, 2026

बिहार: भोजपुरी गानों में ‘कट्टा’ (देसी बंदूक), AK-47 और जातीय श्रेष्ठता का महिमामंडन करना महंगा पड़ रहा है; पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए एक अपील जारी की है।

तिरहुत न्यूज़ डेस्क (बिहार)। बिहार के भोजपुर जिले में अब भोजपुरी गीतों के जरिए कट्टा, एके-47, हत्या, रंगदारी, बालू माफिया और जातिगत वर्चस्व का महिमामंडन करना गायकों, गीतकारों और संगीतकारों को महंगा पड़ सकता है। पुलिस ने ऐसे गीतों और सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली रील्स के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। इस मामले में प्रमुख भोजपुरी गायकों समेत 45 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने रिकॉर्डिंग स्टूडियो और गीतों के निर्माण से जुड़े अन्य लोगों को भी जांच के दायरे में लिया है। 

भोजपुर के पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने शुक्रवार को बताया कि सोशल मीडिया मंचों की निगरानी के दौरान पुलिस को कुछ ऐसे भोजपुरी गाने मिले, जिनमें कथित तौर पर जातीय वर्चस्व को बढ़ावा देने, हथियारों का प्रदर्शन करने और लोगों को धमकी देने जैसी सामग्री शामिल थी। इन गानों को इंस्टाग्राम रील्स और वीडियो के माध्यम से प्रसारित किया जा रहा था। साइबर थाने की सोशल मीडिया निगरानी इकाई के अधिकारियों के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।

एसपी ने बताया कि पुलिस ने ऐसे गानों के निर्माण में शामिल रिकॉर्डिंग स्टूडियो और अन्य संबंधित लोगों की भूमिका की भी जांच शुरू कर दी है। भोजपुर पुलिस ने जिले के सभी गायकों, गीतकारों, संगीतकारों, स्टूडियो संचालकों और सोशल मीडिया क्रिएटर्स से अपील की है कि वे अपने गीतों और वीडियो के माध्यम से समाज में हिंसा, आपराधिक गतिविधियों और जातीय वैमनस्य को बढ़ावा न दें।

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी अपील में भोजपुरी की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख किया गया है। पुलिस ने कहा कि भोजपुर और शाहाबाद की धरती ने बाबू वीर कुंवर सिंह जैसे महान स्वतंत्रता सेनानी दिए, वहीं भोजपुरी संगीत को भिखारी ठाकुर, महेंदर मिसिर, उस्ताद बिस्मिल्लाह खान, विंध्यवासिनी देवी और शारदा सिन्हा जैसे महान कलाकारों ने विश्व स्तर पर पहचान दिलाई। इन कलाकारों ने बिना अपशब्दों और हथियारों का सहारा लिए भोजपुरी भाषा और संगीत को सम्मान दिलाया।

पुलिस के मुताबिक, पिछले कुछ समय में जिले में 20 से 26 वर्ष के कुछ युवाओं के बीच आपसी वर्चस्व की होड़, सोशल मीडिया पर दबंग छवि बनाने की चाह और अवैध हथियारों के आकर्षण के कारण गंभीर घटनाएं सामने आई हैं। कुछ युवा अपनी जान गंवा रहे हैं, जबकि कई का भविष्य जेल की सलाखों के पीछे जा रहा है। पुलिस ने चिंता जताई कि जब गीतों और रील्स में हथियार, हत्या और रंगदारी को बहादुरी के रूप में पेश किया जाता है तो कम उम्र के युवा इससे प्रभावित होकर अपराध की राह पकड़ सकते हैं। भोजपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ‘ऑपरेशन डिजिटल स्ट्राइक’ के तहत सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों के प्रदर्शन, जातिगत वैमनस्य फैलाने और आपराधिक सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ साइबर थाने के माध्यम से लगातार कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने कलाकारों से भोजपुरी की मिठास, संवेदना और गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने की अपील की है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

7,268FansLike
10FollowersFollow

Latest Articles