Wednesday, June 24, 2026

राहुल-तेजस्वी लोकतंत्र को राजतंत्र समझ बैठे हैं: सम्राट चौधरी

तिरहुत डेस्क (नई दिल्ली)। बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर जोरदार निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह लोग लोकतंत्र को राजतंत्र समझ बैठे हैं।

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू की ओर से लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर दिए बयान के बाद बिहार में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। रिजिजू ने राहुल गांधी पर देश विरोधी बयान देने और संवैधानिक संस्थाओं जैसे चुनाव आयोग पर हमला करने का आरोप लगाया।

बातचीत में बिहार के डिप्टी सीएम ने कांग्रेस और राजद को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि कांग्रेस का चरित्र राजतंत्र जैसा है, जहां वे खुद को राजाओं की तरह समझते हैं, जबकि लोकतंत्र में जनता ही सरकार चुनती है। उन्होंने कांग्रेस और राजद पर लोकतंत्र को राजतंत्र समझने का आरोप लगाया है।

विदेश मंत्री एस. जयशंकर के बयान पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा, “बिल्कुल किसी का कोई दबाव नहीं है।”

पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली की पुण्यतिथि पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि यह सचमुच दुख की बात है कि वह अब हमारे बीच नहीं रहे। उन्होंने ही जीएसटी जैसे महत्वपूर्ण कानून बनाए और देश के लोकतंत्र को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत किया।

डिप्टी सीएम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “आज प्रख्यात विधिवेत्ता, प्रखर वक्ता, देश के पूर्व केंद्रीय मंत्री परम श्रद्धेय अरुण जेटली की पुण्यतिथि पर पटना के कंकड़बाग पार्क में स्थापित उनकी आदमकद मूर्ति पर पुष्पार्चन कर अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने अपना समस्त जीवन राष्ट्र सेवा में समर्पित कर दिया। उनके पदचिन्हों पर चलना ही मेरा लक्ष्य है।

दूसरे पोस्ट में डिप्टी सीएम ने लिखा, “वरिष्ठ भाजपा नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री, ओजस्वी वक्ता एवं प्रसिद्ध अधिवक्ता ‘पद्म विभूषण’ अरुण जेटली की पुण्यतिथि पर सादर नमन। आप एक सच्चे राष्ट्रभक्त, लोकप्रिय राजनेता, कुशल रणनीतिकार और प्रखर वक्ता के रूप में सदैव स्मरणीय रहेंगे।”

यह भी पढ़े: भाजपा का पार्टनर बन चुका है चुनाव आयोग, बिहार में वोट चोरी नहीं होने देंगे : राहुल गांधी

Related Articles

Stay Connected

7,268FansLike
10FollowersFollow

Latest Articles