Thursday, October 22, 2026

मथुरा हादसे पर पीएम मोदी ने जताया दुख, आर्थिक मदद का ऐलान

तिरहुत डेस्क (नई दिल्ली)। उत्तर प्रदेश के मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार को भीषण हादसा हुआ। घने कोहरे की वजह से सात बसें और तीन छोटे वाहन आपस में टकरा गए। इस हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई है और कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मुआवजे का ऐलान किया।

इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से 2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए दिए जाएंगे।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने पीएम मोदी के हवाले से ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “उत्तर प्रदेश के मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर हुए हादसे में लोगों की जान जाने का दुख बहुत ज्यादा है। मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करता हूं। पीएमएनआरएफ से हर मृतक के परिवार को 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50 हजार रुपए दिए जाएंगे।”

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी हादसे पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा, “जनपद मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।”

बता दें कि इस भीषण हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई। यह हादसा 7 बसों और 3 छोटी गाड़ियों के बीच हुआ था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ियों में आग लग गई। हादसे के बाद 70 लोगों को जलती हुई गाड़ियों से सुरक्षित बाहर निकाला गया। सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने बताया कि सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है और प्रशासन की ओर से हर जरूरी मदद उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं, मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिए गए।

एक प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, पहले एक दुर्घटना हुई, जिसके बाद तीन से छह बसों में आग लग गई। हादसे के समय बसें पूरी तरह भरी हुई थीं और सभी सीटों पर यात्री मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि वह हादसे के वक्त सो रहा था। अचानक जोरदार आवाज के साथ आग फैल गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

यह भी पढ़े: बिहार को विकसित बनाने के लिए मंत्रिमंडल की बैठक में सात निश्चय-3 को मिली मंजूरी

Related Articles

Stay Connected

7,268FansLike
10FollowersFollow

Latest Articles