Sunday, May 31, 2026

राहुल गांधी की सर्वदलीय बैठक से दूरी पर मनीषा कायंदे का तंज, कहा-नेता प्रतिपक्ष बदलने की जरूरत

तिरहुत डेस्क (नई दिल्ली)। शिवसेना नेता मनीषा कायंदे ने राहुल गांधी के विदेश नीति को लेकर दिए बयान और पश्चिम एशिया संकट पर बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में उनकी गैरमौजूदगी पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अब एक जोक बनकर रह गए हैं, चाहे संसद के अंदर हों या बाहर। वह बस विदेशों में जाकर भी भारत की आलोचना करते रहते हैं। उनका कहना है कि अगर केंद्र सरकार इतनी गंभीर स्थिति पर बैठक बुला रही है तो विपक्ष के नेता होने के नाते राहुल गांधी की नैतिक जिम्मेदारी बनती है कि वह उसमें शामिल हों और अपनी बात रखें।

मनीषा कायंदे ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी का कोई भरोसा नहीं है, वह बैठक छोड़कर कभी केरल चले जाते हैं या फिर विदेश निकल जाते हैं। उन्होंने कहा कि एक लीडर ऑफ ऑपोजिशन का रोल लोकतंत्र में बेहद अहम होता है और उसे देश के हित में जिम्मेदारी से काम करना चाहिए, लेकिन राहुल गांधी इस जिम्मेदारी को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। बैठक में शामिल न होना यह दिखाता है कि वह इस मुद्दे को लेकर गंभीर नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को संसद और बैठकों में सबूतों के साथ अपनी बात रखनी चाहिए लेकिन वह बिना तथ्यों के बयान देते हैं, जिसकी वजह से लोग उन्हें गंभीरता से नहीं लेते। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अब अपने नेता विपक्ष को बदलने के बारे में सोचना चाहिए।

वहीं, यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) को लेकर उन्होंने कहा कि शिवसेना हमेशा से इसके समर्थन में रही है। बालासाहब ठाकरे के समय से ही पार्टी यूसीसी की मांग करती रही है और बीजेपी को भी इस मुद्दे पर समर्थन देती रही है। उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 हटाने और राम मंदिर बनने के बाद अब देश में यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू होना चाहिए और महाराष्ट्र में भी इसे लाना जरूरी है।

सीएम देवेंद्र फडणवीस द्वारा उद्धव ठाकरे पर दिए गए बयान को लेकर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि फडणवीस की अपनी एक शैली है, जिसमें वह कभी शेर-ओ-शायरी या कविता के जरिए अपनी बात रखते हैं और यह उनका अधिकार है। उन्होंने कहा कि उनको जो कहना था, वह कह चुके हैं। उनका कहना है कि उद्धव ठाकरे ने पहले बहुत कुछ कहा है और बाद में जाकर कुछ दिया भी है।

यह भी पढ़े: गुरुग्राम में बच्ची के रेप मामले में सुप्रीम कोर्ट ने अधिकारियों की लापरवाही पर नाराजगी जताई

Related Articles

Stay Connected

7,268FansLike
10FollowersFollow

Latest Articles