Tuesday, September 22, 2026

बिहार में ‘सियासी’ चूड़ा-दही भोज जारी, चिराग पासवान और चेतन आनंद के भोज में पहुंचे सीएम नीतीश

तिरहुत डेस्क (नई दिल्ली)। बिहार में मकर संक्रांति के मौके पर राजनीतिक दलों और नेताओं का चूड़ा-दही भोज जारी है। इसी बीच, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान और विधायक चेतन आनंद ने गुरुवार को चूड़ा-दही भोज का आयोजन किया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुरुवार को लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश कार्यालय में आयोजित दही-चूड़ा भोज कार्यक्रम में शामिल हुए।

दही-चूड़ा भोज कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पहुंचने पर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. रामविलास पासवान के चित्र पर पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री संजय कुमार सिंह, सांसद अरुण भारती, विधायक मुरारी प्रसाद गौतम, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, बड़ी संख्या में कार्यकर्तागण एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के दही-चूड़ा भोज में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मौजूदगी खास मानी जा रही है। इस मुलाकात को एनडीए के भीतर अच्छे तालमेल और एकजुटता के रूप में देखा जा रहा है। भोज में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की अच्छी-खासी भीड़ रही।

मुख्यमंत्री इस क्रम में पटना में जदयू विधायक चेतन आनंद के आवास पर जदयू की ओर से आयोजित दही-चूड़ा भोज कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर चेतन आनंद ने मुख्यमंत्री को प्रतीक चिन्ह भेंटकर उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर सांसद लवली आनंद, विधायक श्याम रजक, विधायक रत्नेश सादा, पूर्व सांसद आनंद मोहन सहित बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बता दें कि 14 जनवरी को तेजप्रताप यादव के आवास पर हुए दही-चूड़ा भोज में लालू यादव, राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, साधु यादव और चेतन आनंद की मौजूदगी रही।

वहीं, विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव की अनुपस्थिति ने अलग सियासी संकेत दिए। लालू यादव ने सार्वजनिक रूप से कहा कि वे तेजप्रताप से नाराज नहीं हैं।

इधर, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम के चूड़ा-दही भोज में पार्टी के विधायकों के नहीं आने को लेकर चर्चा का बाजार गर्म है।

यह भी पढ़े: मकर संक्रांति : हर की पौड़ी पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, ठंड के बावजूद गंगा स्नान जारी

Related Articles

Stay Connected

7,268FansLike
10FollowersFollow

Latest Articles