तिरहुत न्यूज़ डेस्क (बिहार)। मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट में जमीन की खरीद-बिक्री के विवाद में प्रॉपर्टी डीलर की हत्या किए जाने की आशंका है।गुरुवार की सुबह मैठी चौक के समीप एनएच-27 किनारे झाड़ी में उनका शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।मृतक की पहचान मैठी गांव निवासी शिवचरण राय के 55 वर्षीय पुत्र कमलेश राय के रूप में हुई है। उनके शरीर पर कई जगह गहरे चोट के निशान मिले हैं। शव मिलने की जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई।
मृतक के भाई विमलेश राय ने बताया कि बुधवार रात करीब 9:30 बजे कमलेश राय एक ट्रक को टोल मुक्त कराने के लिए टोल प्लाजा गए थे। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चला।परिजन पूरी रात उनकी तलाश करते रहे। गुरुवार सुबह घर से करीब 500 मीटर की दूरी पर एनएच-27 किनारे झाड़ी में उनका शव मिला।शव देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक के भाई ने हत्या कर शव को झाड़ी में फेंके जाने की आशंका जताई है।

