Monday, April 20, 2026

बिहार में लागू रहेगी शराब बंदी, नीतीश कुमार ही अगला मुख्यमंत्री तय करेंगेः उमेश सिंह कुशवाहा

तिरहुत डेस्क (नई दिल्ली)। बिहार के मोतिहारी में हुए शराब कांड पर सियासत जारी है। एक तरफ विपक्ष सरकार पर लगातार हमलावर है, वहीं सत्ता पक्ष अपनी सफाई देने के साथ कड़ी कार्रवाई की बात कर रहा है।

मोतिहारी शराब कांड पर जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा, “सरकार इस घटना के प्रति संवेदनशील है। प्रशासन मामले को संभाल रहा है। कभी-कभार ऐसी घटना घट जाती है, तो विपक्ष को इतना तूल देने की जरूरत नहीं है। विरोधियों को घटना को बढ़ा-चढ़ाकर पेश नहीं करना चाहिए। बिहार में शराबबंदी कानून सख्ती से लागू रहेगा, इस पर कोई समझौता नहीं होगा।”

बिहार में नया मुख्यमंत्री कौन होगा और कब इस पर निर्णय लिया जाएगा, इस सवाल पर उमेश सिंह ने कहा, “एनडीए इस पर जल्द फैसला लेगा। बिहार के लोगों ने नीतीश कुमार के नाम पर वोट दिया था, इसलिए उन्हीं के नेतृत्व में ही आगे सरकार चलेगी। नीतीश कुमार जिसे चाहेंगे, वही मुख्यमंत्री बनेगा।”

केरल में एक चुनावी रैली के दौरान आरजेडी नेता तेजस्वी यादव के बिहार को देश का ‘सबसे गरीब राज्य’ बताने वाले बयान पर जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, “इस तरह बिहार के लोगों का अपमान किया जा रहा है। नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालते ही बिहार के गौरव को वापस लाने का काम किया है। तेजस्वी यादव को बिहार के लोगों को सम्मान करना चाहिए, क्योंकि यहां के लोगों ने सभी जगह परचम लहराया है।”

वहीं, मोतिहारी में शराब से मौत को लेकर तेजस्वी यादव द्वारा उठाए गए सवाल पर जेडीयू के प्रदेश सचिव साकेत सिंह ने कहा, “मैं विपक्ष के बारे में बात नहीं करना चाहता, क्योंकि वे राजनीतिक दल कहलाने के लायक भी नहीं हैं। जनादेश का मुद्दा सभी को पता है, कुछ भी छिपा नहीं है। कुछ दिन पहले हुए राज्यसभा चुनाव को देखें, तो वे राजनीतिक दल कहलाने के लायक भी नहीं हैं। जहां तक ​​शराब कांड की बात है तो तेजस्वी के पास तो कोई पैमाना ही नहीं है। वे शराब नापने गए थे, उसमें क्या मिला है। सिर्फ ट्वीट करने से कुछ नहीं होता। मीडिया के सामने बोलना होगा। प्रशासन मोतिहारी में अपना काम कर रहा है। मेडिकल टीम लगातार जांच में जुटी है।”

यह भी पढ़े: भारत का एक और एलपीजी टैंकर ग्रीन सान्वी ने होर्मुज स्ट्रेट को सफलतापूर्वक किया पार, दो और टैंकर लाइन में

Related Articles

Stay Connected

7,268FansLike
10FollowersFollow

Latest Articles