Sunday, May 31, 2026

हरदोई में मुठभेड़ के बाद दो बदमाश गिरफ्तार, सब इंस्पेक्टर को भी लगी गोली

तिरहुत डेस्क (नई दिल्ली)। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में देर रात पुलिस और चोरों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों चोर घायल हो गए, जबकि अपराधियों की गोली से एक सब-इंस्पेक्टर घायल हो गया। पुलिस ने घायल अपराधियों और सब-इंस्पेक्टर को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज चल रहा है।

हरदोई पुलिस ने बताया कि 18 फरवरी को सुनील जौहरी ने हरदोई शहर पुलिस को तहरीर दी थी कि 17 फरवरी की रात्रि को अज्ञात चोरों द्वारा उनके घर का ताला तोड़कर आभूषण व नगदी चोरी कर ली गई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। पुलिस अधीक्षक ने चोरी की घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित की थी।

22 और 23 फरवरी की मध्य रात्रि को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित आरोपी बावन रोड से हरदोई बाईपास चौराहा की तरफ आने वाले हैं, जो कहीं जाने की फिराक में हैं। सूचना पर फोर्स के साथ एसएचओ बावन रोड पर पहुंचकर चौराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग शुरू की। तभी बावन रोड की तरफ से एक मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति आते हुए दिखाई दिए, जिनको पुलिस टीम ने रुकने का इशारा किया तो उन्होंने बाइक मोड़कर साण्ड़ी रोड की तरफ भागने का प्रयास किया।

मोटरसाइकिल सवार व्यक्तियों ने खुद को घिरा देख पुलिस टीम पर फायर किया। पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ फायरिंग की गई, जिससे धीरेन्द्र सिंह उर्फ धीरज निवासी हमीरपुर और कमरूद्द्वीन उर्फ कमरूल निवासी मोतीहारी (बिहार) घायल हो गए। इस दौरान सब इंस्पेक्टर रोहित पाण्डेय भी घायल हो गए। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 2000 रुपए, मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन, एक लैपटाप, 2 तमंचा 315 बोर और कारतूस बरामद किए। पुलिस ने घायल आरोपियों और पुलिसकर्मी को अस्पताल में भर्ती कराया।

घायलों से पूछताछ में पता चला कि गिरफ्तार आरोपी शातिर किस्म के चोर हैं, जो दिन के समय गली-मोहल्ले में घूमकर घरों की रेकी कर रात्रि के समय चोरी करते थे। इसके साथ ही उन्होंने सुनील जौहरी के घर में चोरी करने की बात स्वीकार की है।

हरदोई सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने कहा, “एक टिप-ऑफ पर हरदोई में बाईपास 52 रोड पर चेकिंग ड्यूटी पर तैनात पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल पर दो लोगों को देखा। जब पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो संदिग्धों ने भागने की कोशिश की और जान से मारने के इरादे से पुलिसवालों पर गोली चला दी। पुलिस ने भी सेल्फ डिफेंस में जवाबी गोली चलाई, जिसमें दोनों घायल हो गए।”

यह भी पढ़े: बिहार: क्रिकेट मैदान बना खूनी जंग का अखाड़ा, युवक पर चाकू से हमला, दो आरोपी गिरफ्तार

Related Articles

Stay Connected

7,268FansLike
10FollowersFollow

Latest Articles