Sunday, May 31, 2026

‘पाक के खिलाफ मैच पर ही क्यों फूटते हैं पटाखे,’ पप्पू यादव ने बीसीसीआई पर लगाए पाकिस्तान के नाम पर राजनीति करने के आरोप

तिरहुत डेस्क (नई दिल्ली)। बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद और कांग्रेस नेता पप्पू यादव ने भारत-पाकिस्तान के बीच होने वाले विश्व कप मुकाबले को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ मैच पर ही पटाखे फूटते हैं, जो समझ से बाहर है। उन्होंने भारतीय क्रिकेट बोर्ड बीसीसीआई पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं।

समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में पप्पू यादव ने कहा, “दिल सबको साफ रखना चाहिए। बीसीसीआई पाकिस्तान के नाम पर राजनीति करती है और पैसे कमाती है। अगर मैच सौहार्द के लिए हो या दिल की गहराइयों के रिश्ते के लिए हो, जैसे दुनिया मैच का आनंद लेती है, वैसे ही लिया जाए।”

कांग्रेस नेता ने आगे कहा, “मैच के मुद्दों पर भी नफरत की राजनीति शुरू हो जाती है। इस पर भी हिंदू-मुसलमान होने लगता है। पटाखे फूटने चाहिए और यह अच्छी बात है, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ मैच हो तभी पटाखे फोड़े जाएं, यह समझ नहीं आता है।”

हालांकि, पप्पू यादव ने यह भी कहा कि भारत के सामने पाकिस्तान की कोई हैसियत नहीं है। वह हमारे एक राज्य के बराबर भी नहीं है। उन्होंने कहा कि क्रिकेट की पहचान कहीं से भी शुरू हुई हो, लेकिन आज इसकी पहचान सिर्फ भारत के क्रिकेट से है।

भारत-अमेरिका के बीच व्यापार समझौते पर भी पप्पू यादव ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि भारत का सारा डेटा अमेरिका को दिया जा रहा है। ऐसी क्या मजबूरी है कि सरकार किसानों की पूरी जिंदगी को खत्म करने की कोशिश कर रही है? सांसद ने कहा, “भारत को गिरवी रखा जा चुका है, लेकिन इसके खिलाफ अब बड़ी क्रांति की जरूरत है।”

पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने बिहार की कानून व्यवस्था पर कहा, “सम्राट चौधरी (राज्य के गृह मंत्री) से एक आग्रह करूंगा कि रतौंधी की बीमारी अगर नहीं हुई है तो बड़बोलापन छोड़कर साइलेंट काम करिए। आप पहले बच्चियों को बचा लीजिए। प्रतिदिन जो घटनाएं हो रही हैं, उन्हें देख लीजिए। जाति विशेष को गाली-गलौज करना बंद कीजिए। अपराधी अपराधी होते हैं। राजनीतिक साजिश रचना बंद कीजिए।”

उन्होंने कहा, “सबकुछ मेरे पास है। वक्त आने पर मैं पत्ते खोलूंगा। हम सुप्रीम कोर्ट तक जाएंगे, इनसे डरेंगे नहीं। जितनी लड़ाई होगी, लड़ेंगे।”

Related Articles

Stay Connected

7,268FansLike
10FollowersFollow

Latest Articles