तिरहुत डेस्क (नई दिल्ली)। शिवसेना प्रवक्ता शाइना एनसी ने राहुल गांधी के ‘पीएम नाचेंगे’ वाले बयान पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी एक बच्चे हैं और नाचने-गाने से ऊपर उनकी सोच नहीं है।
शिवसेना प्रवक्ता शाइना एनसी ने हुए कहा, “देश की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऊपर विश्वास जताकर प्रधानमंत्री बनाया है और राहुल गांधी की सोच इस तरह की है। विदेश जाते हैं तो वे देश का अपमान करते हैं और भारत में रहकर प्रधानमंत्री मोदी का अपमान करते हैं। ऐसे लोगों को नाच गाने के अलावा कुछ आता भी नहीं है।”
उन्होंने कहा, “राहुल गांधी को क्या शोभा देगा, क्या नहीं देगा, वह खुद जानते हैं। उनके परिवार में इतने लोग प्रधानमंत्री रहे हैं। एक तरह से आप लोगों ने उनका भी अपमान किया है। प्रधानमंत्री किसी पार्टी के नहीं होते हैं, वह तो पूरे देश के होते हैं। जनता ने उनके काम के आधार पर उनको वोट दिया है।”
शाइना एनसी ने कहा कि गांधी परिवार में इतने प्रधानमंत्री बने हैं, हम लोग भी मान लें कि वे सब नाच-गाना करके ही प्रधानमंत्री बने हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार देश के लिए काम कर रहे हैं।
बिहार में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर तीखा हमला बोलते हुए बुधवार को आरोप लगाया था कि प्रधानमंत्री वोट के लिए कुछ भी कर सकते हैं। उन्होंने पीएम मोदी पर ड्रामा करने का आरोप लगाया।
कर्नाटक सरकार पर निशाना साधते हुए शिवसेना प्रवक्ता ने कहा कि आरएसएस का सिर्फ एक ही मकसद है और वह है राष्ट्रवाद। अगर कोई भी आरएसएस के कार्यक्रम में शामिल होता है, वह चाहे शिक्षक ही हो, आपको खुश होना चाहिए। कांग्रेस तुष्टिकरण की राजनीति करना बंद कर दे। कांग्रेस को आरएसएस से परेशानी है लेकिन आरएसएस राष्ट्रहित में काम करता है। यह कोई नई बात नहीं है; बहुत पहले से कांग्रेस की आदत देखी जा रही है।
