तिरहुत डेस्क (नई दिल्ली)। बिहार विधानसभा चुनाव के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पूरी तैयारी के साथ चुनावी मैदान में उतरने के लिए तैयार हैं। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के सांसद संजय कुमार झा ने बताया कि सीएम नीतीश कुमार गुरुवार से समस्तीपुर और दरभंगा में अपने चुनावी दौरे की शुरुआत कर रहे हैं।
जदयू सांसद ने कहा कि जहां एक तरफ सीएम नीतीश कुमार चुनावी दौरा शुरू कर रहे हैं, वही, दूसरी ओर, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी बिहार पहुंच रहे हैं, जिससे एनडीए के प्रचार अभियान को और मजबूती मिलेगी।
मीडिया से बातचीत के दौरान संजय कुमार झा ने महागठबंधन पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि महागठबंधन के नेताओं का नंबर तक तय नहीं है, और बिहार की जनता को यह नहीं पता कि महागठबंधन के नेता कहां से चुनाव लड़ेंगे। नामांकन की आखिरी तारीख शुक्रवार को है, लेकिन, यहां खींचतान जारी है।
जदयू सांसद ने कहा कि महागठबंधन में शामिल दलों को बिहार के विकास की कोई चिंता नहीं है। ये लोग सिर्फ अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने में लगे हैं। चुनाव आते ही ये यात्राएं शुरू कर देते हैं, लेकिन बिहार की जनता का मूड एनडीए के साथ है, और उन्होंने एनडीए की जीत के लिए कमर कस ली है।
राजद द्वारा शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा को टिकट दिए जाने पर संजय कुमार झा ने कड़ा ऐतराज जताया। उन्होंने कहा कि 15 साल पहले ऐसे लोग बिहार में हर गलत चीज के प्रतीक थे। इनकी वजह से कई लोग बिहार छोड़कर चले गए। उस दौर में बिहारियों का इतना अपमान हुआ कि लोग बिहारी होने की बात कहने में शर्मिंदगी महसूस करते थे। राजद का चरित्र नहीं बदला है, वहीं लोग आज भी सक्रिय हैं। ऐसे लोग अगर राजनीति में आते हैं और उन्हें टिकट मिलता है, तो बिहार में सुशासन की क्या उम्मीद की जा सकती है। ये लोग बिहार की स्थिति सुधारने की बात कैसे कर सकते हैं।
बता दें कि बिहार चुनाव दो चरण में आयोजित किए जाएंगे। पहले चरण के लिए 17 अक्टूबर को नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख है। हालांकि, अभी तक महागठबंधन में सीट बंटवारा नहीं हुआ है।
यह भी पढ़े: बिहार चुनाव: उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नामांकन किया दाखिल, कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
