Sunday, May 31, 2026

बिहार विधानसभा चुनाव: जन सुराज ने दूसरी लिस्ट की जारी, 65 उम्मीदवारों के नाम शामिल

तिरहुत डेस्क (नई दिल्ली)। बिहार विधानसभा चुनाव के लिए जन सुराज पार्टी ने सोमवार को उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की। इस सूची में 65 उम्मीदवारों के नाम हैं।

इससे पहले जन सुराज द्वारा जारी उम्मीदवारों की पहली सूची में 51 नाम थे। विधानसभा चुनाव-2025 के लिए जन सुराज ने आज 65 विधानसभा सीटों के उम्मीदवारों की दूसरी सूची घोषित की।

दूसरी सूची में 46 सामान्य सीटों के उम्मीदवारों की घोषणा की गई। उम्मीदवारों की सूची जारी करते हुए पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने कहा कि आबादी के हिसाब से सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व देने के वादे के अनुसार प्रदेश की सबसे बड़ी आबादी अति पिछड़ा वर्ग के 14 (10 हिंदू, 4 मुस्लिम) उम्मीदवार घोषित किए जा रहे हैं। अन्य पिछड़ा वर्ग से 10, सामान्य वर्ग के 11 और अल्पसंख्यक वर्ग के 14 उम्मीदवार घोषित किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सामान्य वर्ग की सीटों पर योग्य अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवारों को भागीदारी देने के वादे के तहत हरनौत विधानसभा सीट से एक अनुसूचित जाति के उम्मीदवार की घोषणा की जा रही है। जन सुराज द्वारा घोषित उम्मीदवारों में नौतन से संतोष चौधरी को प्रत्याशी बनाया गया है, जबकि रक्सौल से कपिल देव प्रसाद, शिवहर से नीरज सिंह, रीगा से कृष्ण मोहन और बाजपट्टी से आजम हुसैन अनवर को प्रत्याशी बनाया गया है।

इसके अलावा पिपरा से इंद्रदेव साह, कसबा से इतेफाक आलम, रुपौली से आमोद कुमार, कटिहार से गाजी शरीक, मधेपुरा से शशि कुमार यादव और महनार से राजेश चौरसिया को प्रत्याशी बनाया गया है। जन सुराज ने इस चुनाव में बिहार की सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की है। बिहार विधानसभा चुनाव का पहला चरण 6 नवंबर को और दूसरा चरण 11 नवंबर को होगा। मतगणना 14 नवंबर को होगी।

यह भी पढ़े: बिहार विधानसभा चुनाव: भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति की दिल्ली में होगी अहम बैठक, उम्मीदवारों के नामों पर मुहर संभव

Related Articles

Stay Connected

7,268FansLike
10FollowersFollow

Latest Articles