Tuesday, September 24, 2024

जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की हत्या पर सोनिया और राहुल ने जताया शोक

तिरहुत डेस्क (नई दिल्ली)। कांग्रेस ने शुक्रवार को जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के निधन पर शोक व्यक्त किया, जिनकी एक चुनावी रैली में भाषण देने के दौरान हत्या कर दी गई। एक ट्वीट में, कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा, “मैं जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की हत्या से स्तब्ध हूं। वह कई वर्षों तक भारत के बेहतरीन दोस्त और शुभचिंतक रहे। उन्होंने दोनों देशों के बीच के द्विपक्षीय संबंधों को व्यापक और मजबूत बनाने के लिए बहुत कुछ किया।”

उन्होंने कहा, “मैं उनके साथ हुई मुलाकात को बहुत ही स्नेह के साथ और स्पष्ट रूप से याद करती हूं। जापान और निश्चित तौर पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय के लिए भी दुर्भाग्य का पहाड़ टूट पड़ा है। उनकी कमी निश्चित तौर पर महसूस होगी।”

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट किया, “जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के निधन से दुखी हूं। भारत और जापान के बीच रणनीतिक साझेदारी को मजबूत बनाने में उनकी भूमिका सराहनीय थी। वह हिंद-प्रशांत क्षेत्र में अपने पीछे एक मजबूत विरासत छोड़ गए हैं। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और जापान की जनता के साथ हैं।”

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. चिदंबरम ने कहा, “जापान के पूर्व प्रधान मंत्री शिंजो आबे की निर्मम हत्या से स्तब्ध हूं। उनके साथ मेरी बैठकों में और बाद में उनकी नीतियों और कार्यों के माध्यम से, यह स्पष्ट था कि उनके मन में भारत के लिए गहरा आदर था और उन्होंने दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करने की पूरी कोशिश की। उनका निधन जापान के लोगों और विकासशील देशों के लिए दुखद है।”

इसके अलावा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार ने भी आबे के निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा, “जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के निधन की चौंकाने वाली खबर से गहरा दुख हुआ। दुनिया ने एक महान नेता और एक महान राष्ट्र-कर्मी खो दिया है, जिन्होंने जापान के साथ-साथ विश्व की शांति और विकास के लिए काम किया। उनकी आत्मा को शाश्वत शांति मिले।”

स्टेट मीडिया के अनुसार, नारा शहर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते समय गोली लगने से आबे की मौत हो गई।

आधिकारिक प्रसारक एनएचके ने ट्वीट किया, “अधिकारियों का कहना है कि जापान के पूर्व प्रधानमंत्री अबे शिंजो की मौत की पुष्टि हो गई है। उन्हें कथित तौर पर क्योटो के पास नारा शहर में शुक्रवार को एक भाषण के दौरान गोली मार दी गई थी।”

एनएचके के अनुसार, हमला नारा शहर के यामातोसैदाईजी स्टेशन के पास (स्थानीय समयानुसार) सुबह करीब 11.30 बजे हुआ, जब 67 वर्षीय पूर्व नेता लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार के चुनाव अभियान के लिए भाषण दे रहे थे।

यह भी पढ़े: टीवी एंकर राहुल रंजन को राहत, सुप्रीम कोर्ट ने गिरफ्तारी पर लगाई रोक

Related Articles

Stay Connected

7,268FansLike
10FollowersFollow

Latest Articles