Wednesday, September 25, 2024

मध्य प्रदेश: कांग्रेस में बगावत, प्रदेश अध्यक्ष के मीडिया समन्वयक का इस्तीफा

तिरहुत डेस्क (नई दिल्ली)। मध्य प्रदेश में कांग्रेस में बगावती स्वर सुनाई देने लगे हैं, प्रदेशाध्यक्ष कमल नाथ के मीडिया समन्वयक और मीडिया विभाग के उपाध्यक्ष नरेंद्र सलूजा ने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। इसे पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने स्वीकार भी कर लिया है। राज्य में कांग्रेस के मीडिया विभाग की नई टीम पिछले दिनों बनाई गई थी। इस टीम में सलूजा को प्रदेषाध्यक्ष के मीडिया समन्वयक के साथ उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसके बाद से सलूजा नाराज चल रहे थे और पार्टी दफ्तर भी नहीं जा रहे थे। सलूजा के इस रवैए को लेकर तमाम कयासबाजी चल रही थी।

सलूजा ने प्रदेश अध्यक्ष कमल नाथ को एक पत्र लिखकर कहा, मध्यप्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग की नई टीम घोषित की गयी है। मेरी कांग्रेस व आपके प्रति पिछले 30 वर्षों की निष्ठा, ईमानदारी व कार्यों का मुझे बहुत ही अच्छा इनाम आपने इस सूची में उल्लेखित कर दिया है।

सलूजा ने आगे लिखा, मैं आपके द्वारा दी गयी किसी भी जवाबदारी का निर्वहन करने में असमर्थ हूं। मैं आपके द्वारा सौंपी गयी सभी जिम्मेदारियों व कांग्रेस के सभी पदों से त्यागपत्र दे रहा हूं। त्यागपत्र आपको ईमेल भी कर दिया है।

पार्टी कार्यालय की ओर से जारी किए गए बयान में बताया गया है कि मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ ने मध्य प्रदेश मीडिया विभाग के उपाध्यक्ष एवं पीसीसी अध्यक्ष के मीडिया कोर्डिनेटर नरेंद्र सलूजा का त्यागपत्र स्वीकार कर लिया है। सलूजा को उनके सभी दायित्वों से मुक्त किया जाता है। सलूजा द्वारा पार्टी के हित में किए गए कार्यों की सराहना की जाती है।

Related Articles

Stay Connected

7,268FansLike
10FollowersFollow

Latest Articles