तिरहुत डेस्क (नई दिल्ली)। पंजाब के जालंधर में पूर्व मंत्री व भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के घर पर ग्रेनेड अटैक होने की घटना पर भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने भगवंत मान की सरकार पर मंगलवार को जोरदार निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पंजाब में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है।
भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा, “आम आदमी पार्टी की सरकार में पंजाब में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है। अब जालंधर में भाजपा नेता के घर के बाहर धमाका हुआ है। कुछ दिन पहले ही अमृतसर में एक मंदिर के बाहर ग्रेनेड हमला हुआ था। अगले दिन जालंधर में एक यूट्यूबर के घर पर ग्रेनेड हमला हुआ। कुल मिलाकर दस से ज्यादा ऐसे ग्रेनेड हमले हो चुके हैं। आज हम देख सकते हैं कि पंजाब की कानून व्यवस्था कैसे ध्वस्त हो गई है।”
शहजाद पूनावाला ने आगे कहा कि पंजाब में गैंगवार और नशा चरम पर है। मैं समझता हूं कि आम आदमी पार्टी की सरकार की प्राथमिकता पंजाब पुलिस को केजरीवाल की सुरक्षा में लगाना है। उनको पंजाब पुलिस से कानून व्यवस्था को संभालने का काम नहीं कराना है। पंजाब में गोल्डन टेंपल पर हमला होता है। पंजाब में लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। पंजाब में कानून व्यवस्था के बिगड़ने के लिए सीधे तौर पर आम आदमी पार्टी जिम्मेदार है।
भाजपा नेता अविनाश राय ने कहा कि जालंधर में मनोरंजन कालिया के घर पर ग्रेनेड हमला पंजाब में ध्वस्त कानून व्यवस्था का स्पष्ट प्रमाण है। आप सरकार में आम आदमी और नेता दोनों असुरक्षित हैं। गैंगस्टर, ड्रग्स और हमले रोजमर्रा की बात हो गई है। भाजपा पंजाब इस हमले की कड़ी निंदा करती है। मैं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मांग करता हूं कि केंद्रीय एजेंसियों के माध्यम से घटना की जांच कराई जाए।
बता दें कि पूर्व मंत्री व भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के घर पर ग्रेनेड अटैक होने की घटना बीती देर रात 1:30 के करीब हुई। ई-रिक्शा में आए हमलावरों ने घटना को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही देर रात पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर, एसपी-2 सुखविंदर सिंह सहित कई पुलिस अधिकारी और भाजपा नेता घटनास्थल पर पहुंचे।
यह भी पढ़े: दो दिवसीय दौरे पर आज भारत आएंगे दुबई के क्राउन प्रिंस, पीएम मोदी से करेंगे मुलाकात