Saturday, October 5, 2024

बिहार : मधेपुरा में दिनदहाड़े जदयू नेता की गोली मारकर हत्या

तिरहुत डेस्क (नई दिल्ली)। बिहार में सत्ताधारी जनता दल (युनाइटेड) के एक नेता को शुक्रवार को अपराधियों ने निशाना बनाया और उनकी गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।

पुलिस के मुताबिक मधेपुरा जिले के बिहारीगंज थाना क्षेत्र के हथीऔन्धा गांव में शुक्रवार की सुबह करीब नौ बजे अज्ञात अपराधियों ने जदयू नेता प्रदीप कुमार सिंह (55) की गोली मारकर हत्या कर दी और फरार हो गए।

मृतक जदयू के अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश महासचिव बताए जा रहे हैं।

बिहारीगंज के थाना प्रभारी अरूण कुमार ने शुक्रवार को बताया कि प्रदीप सिंह हथीऔन्धा गांव में एक नए घर का निर्माण करवा रहे हैं। सुबह वह उसी घर के बाहर खडे थे तभी मोटरसाइकिल पर सवार होकर तीन की संख्या में आए अपराधियों ने सिंह पर गोलीबारी प्रारंभ कर दी।

गोली लगने के बाद सिंह वहीं गिर गए। गोली की आवाज सुनकर लोग कुछ समझ पाते तब तक अपराधी फरार हो गए। गोली लगने से सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

इधर, घटना की जानकारी जैसे आसपास के लोगों को हुई लोग आक्रोषित हो गए और सड़कों पर उतर गए और हंगामा करने लगे। गुस्साए व्यवसायियों ने अपनी-अपनी दुकानें बंद कर दीं। गुस्साए लोग हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया।

इस बीच, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन प्रारंभ कर दी। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Related Articles

Stay Connected

7,268FansLike
10FollowersFollow

Latest Articles