तिरहुत डेस्क (नई दिल्ली)। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर सोमवार को ललन सिंह दूसरी बार बिराजमान हो गए हैं। इस बार ललन सिंह निर्विरोध अध्यक्ष बने हैं। नीतीश कुमार ने दूसरी बार राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह पर भरोसा जताते हुए उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष का जिम्मा सौंपा है। जदयू के राष्ट्रीय निर्वाचन अधिकारी अनिल हेगड़े ने उनके निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा की है। विदित हो कि पटना के एसके मेमोरियल हाल में दस दिसंबर को होने वाली जदयू के राष्ट्रीय परिषद की बैठक में उन्हें निर्वाचित होने का सर्टिफिकेट दिया जाएगा। दूसरी बार जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष की कमान ललन सिंह को सौंपे जाने पर पार्टी के भीतर सर्वसम्मति तो थी ही लेकिन सब से बड़ी बात नितीश कुमार का विश्वास था।
पिछले दिनों संपन्न जदयू की राज्य परिषद की बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ही इसके स्पष्ट संकेत दे दिए थे। उन्होंने राज्य परिषद में अपने संबोधन के दौरान यह कहा था कि वह चाहते हैं कि फिर से ललन सिंह को ही पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का जिम्मा दे दिया जाए। वह इस बाबत प्रस्ताव भी कर देंगे।
इसके पूर्व जब जदयू के संगठन चुनाव की तारीख तय हुई थी तो उस समय भी यह चर्चा आगे बढ़ी थी कि ललन सिंह ही दोबारा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे। जदयू ने 2024 के लोकसभा चुनाव को ध्यान में रख यह निर्णय लिया है। जदयू में चुनाव प्रबंधन का जिम्मा आरंभ से ही ललन सिंह संभालते रहे हैं।