Monday, May 12, 2025

बोधगया में जदयू का दो दिवसीय सेमिनार शुरू, संजय झा ने तेजस्वी यादव पर साधा निशाना

तिरहुत डेस्क (नई दिल्ली)। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय प्रवक्ताओं और मीडिया सेल के पदाधिकारियों का दो दिवसीय सेमिनार गया के एक निजी होटल में शुरू हुआ। पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने पार्टी नेताओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस कार्यशाला का उद्देश्य डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना है।

मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए झा ने कहा, “मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में हुए विकास कार्यों, केंद्र से मिली सहायता और आगामी तीन वर्षों में उद्योग स्थापना जैसे लक्ष्यों को जनता के बीच ले जाना है। जदयू का मीडिया सेल बिहार सरकार की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से प्रचारित करेगा। मीडिया सेल पर डिजिटल और पारंपरिक प्रचार माध्यमों के जरिए जनता तक सटीक सूचना पहुंचाने की जिम्मेदारी है और विपक्ष के दुष्प्रचार का हमें जवाब भी देना है।”

कार्यशाला के दौरान संजय झा ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव के उस बयान पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने भाजपा पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को ‘हाईजैक’ करने का आरोप लगाया था। संजय झा ने कहा, “मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पूरे बिहार की यात्रा कर रहे हैं और आगे भी करेंगे। तेजस्वी को अब कोई मुद्दा नहीं मिल रहा, इसलिए वे हमारी पार्टी पर टिप्पणी कर रहे हैं। उन्हें अपनी पार्टी पर ध्यान देना चाहिए, जो सिर्फ परिवार तक सीमित है। बिहार की जनता यह सब जानती है और राजद को भविष्य में भी सत्ता नहीं मिलेगी। नीतीश कुमार एक सम्मानित नेता हैं, जो अपनी बात स्पष्टता से रखते हैं। वहीं तेजस्वी यादव अपनी पार्टी की बात नहीं करते, बल्कि हमारी पार्टी के बारे में बात करते रहते हैं।”

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता चिराग पासवान के आगामी बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने पर सवाल पर संजय झा ने कहा, “चिराग पासवान का यह निजी निर्णय है। उनकी अपनी पार्टी है और हर किसी को चुनाव लड़ने का अधिकार है।”

वहीं, जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हाल की आतंकी घटना पर संजय झा ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ पूरा देश खड़ा है। उनका जो भी निर्णय होगा, वह स्वीकार्य होगा। ऐसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”

कार्यक्रम का शुभारंभ जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, मुख्यालय प्रभारी चंदन सिंह सहित अन्य नेताओं ने दीप प्रज्वलन कर किया। इस सेमिनार में पूरे बिहार से मीडिया सेल के सदस्य शामिल हुए, जिन्हें दो दिनों तक प्रशिक्षण दिया जाएगा।

यह भी पढ़े: जम्मू-कश्मीर: पुंछ में खाई में गिरी बस, दो की मौत, 40 घायल

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

7,268FansLike
10FollowersFollow

Latest Articles